उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भारत की बेटी डॉ. कल्पना चावला ने अपनी प्रतिभा, संकल्प और साहस से देश को गौरवान्वित किया तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम स्थापित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कल्पना चावला द्वारा कम उम्र में किए गए कार्य चिरकाल तक अविस्मरणीय रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल सांदीपनि विद्यालय पी.के. स्कूल में अंतरिक्ष यात्री डॉ. कल्पना चावला की 24वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नारी सशक्तिकरण, साहस, दृढ़ संकल्प और वैज्ञानिक चेतना को समर्पित एक प्रेरक पहल है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. कल्पना चावला का जीवन संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है। उनके द्वारा स्थापित किए गए मानदंड बेटियों के लिए प्रेरणा का शाश्वत स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं और विशेष रूप से छात्राओं से आह्वान किया कि वे विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य वरुणेन्द्र प्रताप सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. कल्पना चावला के जीवन और योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।