1. हिन्दी समाचार
  2. खेल
  3. मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर ने बताया आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी का राज

मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर ने बताया आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी का राज

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर ने बताया आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी का राज

रविवार को भारतीय टीम ने एक बार फिर से न्यूजीलैंड पर 7 रनों से जीत हासिल की और पांच टी-20 मैचों की सीरीज को 5-0 से अपने नाम किया। इस सीरीज को जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। बता दें भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर कोई टी-20 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज जीती है।

सीरीज का तीसरा और चौथा मैच बेहद ही रोमांचक रहा है। यह दोनों मैच टाई रहे और दोनों बार मैच का नतीजा सुपर ओवर से निकाला गया। भारतीय टीम ने दोनों ही मैचों में शानदार जीत हासिल की।

तीसरे टी-20 मैच में मोहम्मद शमी की बेहतरीन गेंदबाजी के कारण मैच सुपर ओवर में गया जबकि चौथे मैच में शार्दुल ठाकुर ने टीम को बचाते हुए सुपर ओवर में मैच को पहुंचा दिया। शार्दुल ने आखिरी ओवर में सात रनों का बचाव किया। अब शमी और ठाकुर ने बताया है कि आखिरी ओवर करते समय उनके दिमाग में आखिर क्या चल रहा था।

शमी ने कहा, “मैं अच्छी यॉर्कर गेंदें फेंकने की कोशिश कर रहा था। मैंने पहली गेंद पर यही कोशिश की लेकिन गेंद हाथ से छूट गई और छक्का चला गया। इसके बाद मेरे पास कुछ बचा नहीं था, मैं सोच रहा था कि खाली गेंदें कैसे निकालूं, मुझे लगा कि हम पहले ही हार चुके हैं। इसलिए मैंने सोचा कि कुछ बाउंसर डालने की कोशिश करता हूं। विलियम्सन आउट हो गए मुझे लगा छोटी गेंद काम करेगी स्कोर जब बराबर हो चुका था तो मेरे पास एक ही विकल्प बचा था कि मैं गेंद खाली निकालूं इसलिए मैं यॉर्कर के लिए गया और वो सफल रही।”

तो वहीं ठाकुर ने कहा, “काफी सारा दबाव था मैं पहली गेंद से ही विकेट लेने की कोशिश कर रहा था बल्लेबाज आमतौर पर चौका या छक्का मारने की कोशिश करता है और मैच को जल्दी खत्म करना चाहता है मैंने सोचा था कि मैं धीमी गेंद डालूंगा और बल्लेबाज को बड़ा शॉट मारने के लिए उकसाऊंगा प्लान काम कर गया।”

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...