रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: एक ओर देश मंगलवार को गणतंत्र दिवस मना रहा था, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बाप और उसके बेटे का करतूत सामने आया है। दरअसल, एक बाप और उसके बेटे ने एक ऑटो चालक के सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाप बेटे दोनो फरार हो गये हैं। पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनो को गिरफ्तार कर लिय़ा है।

दरअसल, यह घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र के खंडवा नाके के पास घटी। आपको बता दें कि ऑटो चालक लोकेश साल्वे को केवल इस बात पर गोली मार दी गई। लोकेश के ऑटो से आरोपियो के काम में मामूली टक्कर लग गई थी। उसके बाद दोनों बाप-बेटे अपनी गाड़ी से निकले और चालक से कहासुनी करने लगे। कुछ देर बाद दोनों ने अपनी स्कोडा कार से पिस्टल निकाली और लोकेश के सीने पर फायर कर दी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को लगी तो पुलिस ने तत्काल ऑटो चालक को एक निजी अस्पताल ले गई। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही लोकेश ने दम तोड़ दिया। उसके बाद पुलिस उसकी पहचान कर मृतक के भाई दीपक साल्वे और परिजनों को बुलाया।
इस मामले में इंदौर एडिशनल एसपी राजेश व्यास का कहना है कि पुलिस ने लोकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की कार जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पहचान राजेश (55) पिता रामलाल शुक्ला और बेटा अंकित (23) के रूप में हुई है। आरोपी रिहंत अपार्टमेंट न्यू रानीबाग में रहते हैं और उनका प्लायवुड कारोबार है।

वहीं दूसरी ओर लोकेश के घर में मातम पसरा हुआ है, माता पिता यही पूछ रहे हैं कि उनके बेटे का आखिर क्या कसूर था जो उसे मार डाला। बस इतना ही ना कि उसका ऑटो जरा सा अमीरों की कार में लग गया था। इसका मतलब कि वह किसी को भी मार डालेंगे।
पुलिस ने इसी कार को जब्त किया है। फिलहाल टक्कर होने के बाद हत्या करने की बात ही सामने आ रही है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।