शाजापुर: जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गोपीपुर लोहरवास में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल में बकरी चराने गए एक परिवार के कई लोगों पर मधुमक्खियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में परिवार के चार सदस्य बुरी तरह घायल हुए हैं, जिनका वर्तमान में जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गोपीपुर लोहरवास निवासी परिवार के सदस्य रोजाना की तरह जंगल में अपनी बकरियां चराने के लिए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि जंगल में स्थित एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। वही पर देव स्थान पर किसी ने अगरबत्तियां लगाई जिसके धुएं से या हवा के झोंके के कारण मधुमक्खियां भड़क उठीं और उन्होंने पास में ही मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया।
मधुमक्खियों का हमला इतना भीषण था कि पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और शरीर पर कई जगह डंक मारे। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और धुआं जलाकर व अन्य देशी तरीकों से मधुमक्खियों को भगाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की मदद से तुरंत सभी घायलों को वाहन के जरिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया। डॉक्टरों का कहना है कि मधुमक्खियों के जहर के कारण घायलों को सूजन और तेज बुखार की शिकायत है, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं।