मध्यप्रदेश सरकार ने 13 फरवरी (शुक्रवार) देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 IAS और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। इन तबादलों से प्रदेश के कई अहम विभागों-स्वास्थ्य, कृषि, बिजली वितरण, जिला पंचायत, आबकारी, वन और जनसंपर्क-में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं।
1991 बैच के IAS अधिकारी अशोक बर्णवाल को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया गया है। वहीं 2000 बैच के IAS अधिकारी संदीप यादव को वन विभाग के प्रमुख सचिव के साथ-साथ प्रवासी भारतीय विभाग के प्रमुख सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
IAS अधिकारी मनीष सिंह को जनसंपर्क आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त (Excise Commissioner) बनाया गया है। दीपक सक्सेना इससे पहले जनसंपर्क आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। पिछले दो वर्षों से आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को अब प्रबंध संचालक, राज्य सहकारी विपणन संघ नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि नई आबकारी नीति लागू होने से ठीक पहले उन्हें इस पद से हटाया गया है।
2009 बैच के IAS अधिकारी अजय गुप्ता को किसान कल्याण तथा कृषि विभाग से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (जबलपुर) का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के तहत तीन अपर कलेक्टरों को पदोन्नत कर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है-
भुरला सिंह सोलंकी – सीईओ, जिला पंचायत आगर मालवा
मिलिंद कुमार नागदेवे – सीईओ, जिला पंचायत खरगोन
वीर सिंह चौहान – सीईओ, जिला पंचायत भिंड
इसके अलावा-
राकेश शर्मा को मुख्य महाप्रबंधक, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नियुक्त किया गया है।

