उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव और पदाधिकारियों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
महानिर्वाणी अखाड़े में आयोजित इस बैठक में देशभर से आए संतों और पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान किया गया। बैठक के दौरान आगामी सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर व्यवस्थाओं, समन्वय और विकास कार्यों पर विस्तार से मंथन किया गया।
अखाड़े के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासन के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई है, जिसमें खास तौर पर सिंहस्थ पर्व की व्यवस्थाएं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
इसके साथ ही उज्जैन के विकास कार्यों और तैयारियों की समीक्षा भी की गई। अखाड़े की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि सिंहस्थ के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शासन-प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इस बैठक को सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जहां परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया गया।