कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जूडो खिलाड़ी यामिनी और वेटलिफ्टर अजय बाबू ने अपने-अपने मुकाबलों में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है।
मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
रजत पदक जीतने के बाद खेल मंत्री विश्वास सारंग ने जूडो खिलाड़ी यामिनी से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यामिनी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं भी दीं।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार की खेल नीति के तहत कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाले यामिनी और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही खेल नीति के प्रावधानों के अनुसार दोनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरसंभव सहयोग देना है।
यामिनी और अजय बाबू की सफलता ने यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर मध्य प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।