1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. लोकायुक्त टीम 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते नगरपालिका बाबू को किया गिरफ्तार

लोकायुक्त टीम 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते नगरपालिका बाबू को किया गिरफ्तार

आज जैसे ही बाबू ने फरियादी को अपने घर बुलाकर शेष 40 हजार रुपये की रकम हाथ में ली, पहले से तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।

By: Naredra 
Updated:
लोकायुक्त टीम 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते नगरपालिका बाबू को किया गिरफ्तार

शिवपुरी नगरपालिका के स्थापना बाबू भगवान लाल करोसिया को एक कर्मचारी से उसकी बहाली के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ग्वालियर की लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं इस पूरे मामले में नगर पालिका सीएमओ (CMO) की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।

फरियादी हरि बल्लभ चंदोरिया, जो नगर पालिका में एआरआई (ARI) के पद पर कार्यरत थे, उन्होंने बताया कि उन्हें 14 नवंबर 2025 को बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के निलंबित कर दिया गया था। अपनी बहाली के लिए उन्होंने तीन महीने तक इंतजार किया लेकिन उनकी फाइल आगे नहीं बढ़ी।

आरोप है कि इसी दौरान बाबू भगवान लाल करोसिया का फोन आया और उसने बताया कि सीएमओ ईशांक धाकड़ साहब बहाली के बदले 60 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। बाबू द्वारा लगातार बनाई जा रही पैसो की मांग से तंग आकर हरि बल्लभ ने लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और 16 अप्रैल को फरियादी ने पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये आरोपी को दे दिए थे।

आज जैसे ही बाबू ने फरियादी को अपने घर बुलाकर शेष 40 हजार रुपये की रकम हाथ में ली, पहले से तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त दल के अनुसार, आरोपी बाबू ने स्वीकार किया है कि वह यह रिश्वत सीएमओ के लिए मांग रहा था।

वर्तमान में सीएमओ ईशांक धाकड़ की भूमिका को भी संदिग्ध माना जा रहा है और लोकायुक्त टीम इस दिशा में जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आरोपी को सिटी कोतवाली ले जाया गया है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शिवपुरी से संवाददाता कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...