1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बालाघाट में जमीन विवाद: निजी भूमि बिक्री के बाद शेयर मांगने और झूठी शिकायत करने का आरोप

बालाघाट में जमीन विवाद: निजी भूमि बिक्री के बाद शेयर मांगने और झूठी शिकायत करने का आरोप

बालाघाट जिले के बैहर तहसील क्षेत्र में निजी भूमि बिक्री को लेकर विवाद सामने आया है। विल्सन मेन्युअल ने नवाब खान पर शेयर की मांग पूरी नहीं होने पर झूठी शिकायत कर परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं उनके वकील ने शिकायतों को निराधार बताते हुए मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी होने की बात कही है।

By: Nivedita 
Updated:
बालाघाट में जमीन विवाद: निजी भूमि बिक्री के बाद शेयर मांगने और झूठी शिकायत करने का आरोप

बालाघाट जिले की बैहर तहसील अंतर्गत राजस्व पटवारी हल्का नंबर 17/1 में निजी भूमि से जुड़ा विवाद सामने आया है। ईसाई धर्म के अनुयायी और सेवानिवृत्त कर्मचारी विल्सन मेन्युअल ने बैहर निवासी नवाब खान पर परेशान करने और झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाया है।

भूमि बिक्री के बाद शेयर मांगने का लगाया आरोप

विल्सन मेन्युअल का कहना है कि उनकी निजी भूमि पटवारी हल्का नंबर 17/1 में स्थित थी, जिसे उन्होंने बेच दिया है। आरोप है कि भूमि बिक्री के बाद नवाब खान द्वारा उसमें शेयर की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर उनके खिलाफ जाति से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई।

पहली शिकायत निरस्त होने के बाद दोबारा शिकायत का आरोप

विल्सन मेन्युअल के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद तत्कालीन तहसीलदार ने शिकायत को निरस्त कर दिया था। इसके बाद दोबारा शिकायत किए जाने पर वर्तमान तहसील कार्यालय द्वारा खरीदार के नामांतरण पर रोक लगा दी गई। इस मामले को लेकर विल्सन मेन्युअल ने एसडीएम न्यायालय में अपील दायर की है।

 

सेवानिवृत्त कर्मचारी ने रखी अपनी बात

विल्सन मेन्युअल ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से ईसाई धर्म का पालन करता आ रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग में सेवा दी है और सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका कहना है कि सेवा अवधि के दौरान उन्होंने किसी भी आरक्षित जाति का उल्लेख नहीं किया था, लेकिन अब निजी स्वार्थ के चलते उन्हें परेशान किया जा रहा है।

वकील ने शिकायत को बताया निराधार

विल्सन मेन्युअल के अधिवक्ता रवी बेलें ने कहा कि उनके पक्षकार पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने बताया कि बैहर तहसील अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यहां भूमि संबंधी प्रावधानों का सही जानकारी के अभाव में कई बार दुरुपयोग होने की स्थिति सामने आती है।

मामले की जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया जारी

फिलहाल मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। दोनों पक्षों के दावों के बीच अब आगे की कार्रवाई प्रशासनिक और न्यायालयीन प्रक्रिया के आधार पर होगी।

 

रिपोर्ट – विशाल महानंद 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...