1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. Jharkhand Live: भाजपा विकास करती है तो, कांग्रेस और JMM जाति के नाम पर वोट मांगते हैं

Jharkhand Live: भाजपा विकास करती है तो, कांग्रेस और JMM जाति के नाम पर वोट मांगते हैं

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस वक्त झारखंड में चुनावी रैली में जनता को संबोधित कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि, झारखंड के चुनाव में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि जब झारखंड के युवा अलग राज्य की मांग कर रहे थे, तब कांग्रेस का स्टैंड क्या था।

कांग्रेस की सरकार रहते हुए झारखंड की स्थापना नहीं हो सकी

जब-जब कांग्रेस की सरकार रही, तब झारखंड की स्थापना नहीं हो सकी। जबकि कई युवा शहीद हुए, कई लोगों ने अपना जीवन लगा दिया था भगवान बिरसा मुंडा ने ही देश में सबसे पहले अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। मैं भगवान बिरसा मुंडा को याद करके उन सैंकड़ों आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण दे दिए।

अटल जी ने की थी झारखंड की स्थापना

झारखंड की स्थापना भाजपा सरकार बनने के बाद आदरणीय अटल जी ने की थी। अटल जी ने झारखंड को बनाया और नरेन्द्र मोदी जी व रघुवर दास जी ने झारखंड को संवारने का काम किया है।

ये क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित था, जब तक यहां भाजपा की सरकार नहीं थी तो शाम होने के बाद कोई बारात भी गांव में नहीं जाती थी। आज डंके की चोट पर शाम को बारात लेकर जाते हैं, किसी नक्सली की हिम्मत नहीं है की कोई गड़बड़ करे।

अमित शाह ने झारखंड में गिनाए भाजपा सरकार के काम

अमित शाह ने कहा कि, पिछले 5 साल में ही भाजपा की सरकार ने झारखंड में उद्योग लगाए, रोडों का जाल बिछाए, गरीबों को घर दिए, शौचालय दिए, किसानों को सहायता राशि दी और कई ढेर सारी योजनाएं झारखंड के लोगों को दी। मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है। झारखंड में हमने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि दोबारा आप पूर्ण बहुमत की सरकार बनाइए।

झारखंड में 38 लाख गरीब लोगों के घर बिजली पहुंचाने का काम भाजपा ने किया। पिछले 60 साल में झारखंड के सिर्फ 12 प्रतिशत घरों में पानी पहुंचा था, पिछले पांच साल में ये आंकड़ा 35 प्रतिशत हो गया है। इसके आगे उन्होंने कहा कि, भाजपा की सरकार ने बाबा देवघर की धरती में एम्स की निर्माण शुरु किया है, रांची में कैंसर का इलाज शुरु किया है।

भाजपा कार्यकर्ता पर गोली चला दी। आप जितनी भी हिंसा करोगे, भाजपा कार्यकर्ता उतना आगे बढ़ते जाएंगे। जब केंद्र में सोनिया मनमोहन की सरकार थी तो 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत इन्होंने झारखंड को केवल 55 हजार 253 करोड़ रूपये दिए। लेकिन आपकी मोदी सरकार ने 2014 से 2019 के 5 वर्षों में 3 लाख 8 हजार 490 करोड़ रुपया देने का काम किया।

OBC को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

OBC समाज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, हम सबसे पहला काम एक कमेटी बनाकर OBC समाज को ज्यादा से ज्यादा आरक्षण मिले, इस दिशा में करेंगे। 70 साल तक कांग्रेस की सरकार चली लेकिन उन्होंने OBC समाज को संवैधानिक सम्मान नहीं दिया। 2014 में नरेन्द्र मोदी सरकार बनी और हमारी सरकार ने 5 साल के अंदर ही OBC समाज को संवैधानिक सम्मान देने का काम किया।

आयुष्मान भारत योजना के तहत 1,91,271 लोगों को स्वास्थ्य बीमा दिया

आगे उन्होंने कहा कि, भाजपा की सरकार ने ढेर सारे काम समग्र झारखंड के विकास के लिए किये हैं। चतरा जिले में 120 किमी लंबे चतरा- सिमरिया-हजारीबाग-बिशनगढ़- भगोदर मार्ग के चौड़ीकरण का काम, सिर्फ चतरा में 4 पुलों का निर्माण भाजपा की सरकार ने किया है। सिर्फ चतरा विधानसभा में करीब 73,178 शौचालय बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया, आयुष्मान भारत योजना के तहत 1,91,271 लोगों को स्वास्थ्य बीमा दिया, इनका 5 लाख रुपये तक का बीमारी का खर्चा भाजपा की सरकार उठाने वाली है।

कांग्रेस और JMM जाति के नाम पर वोट मांगते हैं

कांग्रेस और JMM वाले जाति की बात करेंगे, जात-पात की बात के आधार पर वोट मांगने का काम करेंगे। हमने कोई जाति नहीं देखी, मोदी जी ने एक ही जाति देखी है वो है गरीब। जो गरीब है उसके घर में सीधा फायदा पहुंचे इसका प्रयास भाजपा सरकार कर रही है

आर्टिकल 370 और 35A को कांग्रेस ने वोटबैंक के लिए संभालकर रखा था

अनुच्छेद 370 और 35ए को कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति के लिए संभालकर रखा था। मोदी जी को आपने 300 से ज्यादा सीटें जिताईं तो उन्होंने 370 और 35ए को उखाड़कर फेंक दिया। 370 और 35ए को हटाकर मोदी जी ने देश से आतंकवाद के खात्मे की शुरुआत कर दी है।

कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि भगवान राम का मंदिर बने

कई सालों से देश की जनता चाहती थी कि अयोध्या में प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बने। जब आप सब चाहते थे, तो अब तक मंदिर का रास्ता क्यों प्रशस्त नहीं होता था? क्योंकि कांग्रेस पार्टी कोर्ट में केस न चले इसमें रोड़े अटकाती थी। इनकी लाख कोशिशों के बाद भी केस चला भी और सुप्रीम कोर्ट ने सर्वानुमत से फैसला भी दिया कि वहां आसमान को छूता हुआ भव्य राम मंदिर बने।

गृह मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए आगे कहा कि, 70 साल से कांग्रेस पार्टी आयोध्या मामले का केस चलने नहीं दे रही थी। 2018 में केस आया तो कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि 2019 के बाद ये केस चलना चाहिए मगर श्रीराम की इच्छा कुछ और थी, 2019 में भी मोदी जी आ गए और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अब भगवान राम के जन्म स्थान पर आसमान को छूने वाला राम मंदिर बनने से कोई नहीं रोक सकता।

कांग्रेस और JMM ने झारखंड को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया

झारखंड के चुनाव में आज एक ओर भाजपा है जो नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और विकास के लिए काम करती है। दूसरी ओर कांग्रेस और जेएमएम का गठबंधन है, जिन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा झारखंड को कुछ नहीं दिया। झारखंड को अटल जी ने बनाया और मोदी जी तथा रघुवर दास जी ने इसे संवारने और आगे ले जाने का काम किया है जब भी आप वोट देने जाएं तो अस्थिर सरकार मत बनाइएगा।

झारखंड से नक्सलवाद मूल समेत से उखाड़ फेंकेंगे

कभी कोई निर्दलीय राज्य का मुख्यमंत्री बन जाता था, दिल्ली में कांग्रेस को करोड़ों रुपये भेजता रहता था। अस्थिर सरकार में कभी झारखंड का विकास नहीं हुआ। अभी-अभी लातेहार में 4 पुलिस के जवान शहीद हो गए, मैं इस मंच से नक्सलवादियों को कहने आया हूं कि जितनी खैर मनानी है मना लो, यहां फिर से भाजपा की सरकार बनने वाली है, हम मूल समेत नक्सलवाद को उखाड़ फेंकेंगे। भाजपा ने झारखंड में नक्सलवाद को लगभग समाप्त करके यहां विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।

गढ़वा विधानसभा में 515 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाने का काम किया है। वर्षों से लंबित पड़े मंगल डैम का काम मोदी सरकार आने के बाद पूरा हुआ है। कांग्रेस ने 70 साल तक देश पर शासन किया, गरीब के घर में बिजली का पहुंचना एक स्वप्न के समान था। भाजपा की मोदी सरकार ने 2.50 करोड़ गरीबों के घर में बिजली पहुंचाने का काम किया, सिर्फ गढ़वा में 26 हजार 257 गरीबों के घर में बिजली पहुंचाई है। इस क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर कोयल परियोजना 2,391 करोड़ की लागत से शुरू हुई, जिससे 12 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी।

झारखंड का विरोध करने वाले आज कुर्सी के लिए एकत्रित हुए हैं

70 साल तक कांग्रेस पार्टी ये योजना पूरी नहीं कर सकी, भाजपा के एक ही शासन के अंदर इसे शुरू करने का काम हमने किया है। हेमंत सोरेन और कांग्रेस पार्टी ने झारखंड में एक स्वार्थी गठबंधन किया है।

झारखंड का विरोध करने वाले और झारखंड की मांग करने वाले आज कुर्सी के लिए एकत्रित हुए हैं। हजारीबाग, पलामू और दुमका में मेडिकल कॉलेज बनाने का काम चालू है, चायबासा और कोडरमा में मेडिकल कॉलेज बनाने का काम पूरा हो चुका है। जब हेमंत सोरेन और कांग्रेस कार्यकर्ता यहां वोट मांगने आए तो उनसे आप पूछना कि ये चुनाव गुंडागर्दी से होगा क्या ?

मोदी जी दुनिया के किसी भी देश में जाते हैं, तो वहां हजारों लोग मोदी, मोदी, मोदी कहकर उनका स्वागत करते हैं। लेकिन ये मोदी जी, भाजपा या कमल के फूल का स्वागत नहीं बल्कि ये झारखंड और देश की 130 करोड़ जनता का स्वागत है।

झारखंड के चुनाव में कांग्रेस और JMM मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं हेमत सोरेन से पूछना चाहता हूं कि जब झारखंड के युवा अलग राज्य की मांग कर रहे थे, तब कांग्रेस का स्टैंड क्या था? झारखंड की स्थापना श्रद्धेय अटल जी ने की थी। भाजपा सरकार ने ढेर सारे काम समग्र झारखंड के विकास के लिए किये हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...