नयी दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन को शुरू करने को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को इंडियन प्रीमियर लीग योजना बना रहा है। हालांकि, अभी इस तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया गया है, लेकिन बीसीसीआई के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीजन की शुरुआत 2 अप्रैल से हो सकती है। चूंकि चेन्नई सुपर किंग्स डिफेंडिंग चैंपियन हैं। ऐसे में उद्घाटन मैच चेपॉक में ही खेला जाएगा। टूर्नमेंट का शेड्यूल भारत को ही मेजबान मानकर तैयार किया गया है। आईपीएल के बीते दो एडिशन यूएई में हुए थे। भारत में कोविड की बुरी स्थिति के चलते इस टूर्नमेंट को भारत से बाहर ले जाना पड़ा था। बीसीसीआई ने इस बार आईपीएल 2022 में 10 टीमों के साथ उतरने का फैसला किया है। अहमदाबाद और लखनऊ की दो नई टीमें इसमें जुड़ी हैं।
आईपीएल के हर सीजन में अब तक आठ टीमों के बीच 60 मुकाबले खेले जाते थे, लेकिन लीग के 15वें संस्करण में 10 टीमें हैं। ऐसे में कुल 74 खेल होंगे और बीसीसीआई ने आंतरिक रूप से चर्चा की है कि सीजन 60 दिनों से अधिक होगा। इस प्रकार से फाइनल मुकाबला जून के पहले हफ्ते में हो सकता है। हर टीम के पास 14 लीग गेम होंगे, जिसमें 7 घरेलू और 7 बाहरी मैदान पर खेले जाएंगे।
भारत में होगी IPL 2022 की मेगा नीलामी
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के एक सदस्य के अनुसार, आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी जनवरी 2022 के पहले सप्ताह में होगी। इससे पहले बीसीसीआई ने सभी 8 आईपीएल टीमों को दिसंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची को अंतिम रूप देने को कहा है। IPL 2022 की मेगा नीलामी भारत में होगी।
हाल ही में, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने आईपीएल की पूरी तरह से भारत में वापसी की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि दो नई टीमों के शामिल होने से आईपीएल का रोमांच और बढ़ेगा। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में इस बात की जानकारी दी थी। बता दें कि कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से आईपीएल का आयोजन भारत की बजाय यूएई में ही हो रहा है। इस साल आईपीएल 2021 का दूसरा फेज यूएई में खेला गया था।