1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने भारत और नेपाल के अच्छे संबंध को लेके भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने से की बातचीत

नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने भारत और नेपाल के अच्छे संबंध को लेके भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने से की बातचीत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने भारत और नेपाल के अच्छे संबंध को लेके भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने से की बातचीत

भारत और नेपाल के बीच की समस्याओं को बातचीत के जरिये सुलझाया जाना चाहिए। शुक्रवार को यह बात नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने से कही। तीन दिन के नेपाल दौरे पर आए जनरल नरवाने ने प्रधानमंत्री ओली से उनके बालूवाटर स्थित आवास पर मुलाकात की। नरवाने के नेपाल दौरे का उद्देश्य भारत और नेपाल के संबंधों को पटरी पर लाना है। तीन भारतीय इलाकों को नेपाल के अपने में नक्शे में दिखाने से दोनों देशों के संबंधों में तनाव पैदा हो गया था।

भारत और नेपाल के अच्छे संबंध रहने पर जोर

मुलाकात में प्रधानमंत्री ओली ने भारत और नेपाल के अच्छे संबंध रहने पर जोर दिया। कहा, जिन भी मुद्दों पर हमारे बीच मतभेद हैं, उन्हें बातचीत के जरिये निपटाया जाना चाहिए। ओली के विदेशी मामलों के सलाहकार राजन भट्टराई ने यह जानकारी ओली और नरवाने की वार्ता के बाद ट्वीट कर दी है। भट्टराई के अनुसार वार्ता में प्रधानमंत्री ओली ने भारत के साथ सदियों पुराने खास संबंधों को याद किया और उनके बने रहने पर जोर दिया। इसी सिलसिले में उन्होंने दोनों देशों के सेना प्रमुखों को ऑनरेरी जनरल की पदवी देने वाली परंपरा की चर्चा की।

जनरल नरवाने नेपाली सेना के मुख्यालय गए

जनरल नरवाने नेपाली सेना के मुख्यालय भी गए, जहां नेपाल के सेना प्रमुख जनरल पूर्ण चंद्र थापा ने उनके स्वागत में समारोह आयोजित किया था। गुरुवार को दोनों सेना प्रमुखों ने सैन्य संबंधों में और प्रगाढ़ता लाने पर चर्चा की थी। उसी दौरान जनरल नरवाने ने नेपाली सेना के लिए कई चिकित्सा उपकरण और दो फील्ड हॉस्पिटल उपहार स्वरूप दिए थे।

गुरुवार को ही जनरल नरवाने को नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने नेपाली सेना के ऑनरेरी जनरल की पदवी दी थी। दौरे में जनरल नरवाने ने माउंटेन फ्लाइट का आनंद भी लिया। उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट का गेटवे कहे जाने वाले स्यांगबोचे एयरपोर्ट पर भी कुछ समय गुजारा। बुधवार को नेपाल पहुंचे जनरल नरवाने ने सेना के स्टाफ कॉलेज जाकर स्टूडेंट अफसरों को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन और करिअर से जुड़े अनुभव भी साझा किए।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...