1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. अमेरिका में नहीं थम रहा कोरोना वायरस प्रकोप, औसतन 80 हजार संक्रमित रोजाना पाए जा रहे

अमेरिका में नहीं थम रहा कोरोना वायरस प्रकोप, औसतन 80 हजार संक्रमित रोजाना पाए जा रहे

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अमेरिका में नहीं थम रहा कोरोना वायरस प्रकोप, औसतन 80 हजार संक्रमित रोजाना पाए जा रहे

दुनिया में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका पर दूसरे दौर की महामारी ज्यादा भारी पड़ रही है। इस देश में हालात ऐसे बन गए हैं कि रोजाना औसतन 80 हजार संक्रमित पाए जा रहे हैं। रोजाना के नए मामलों का यह एक नया रिकॉर्ड है। अमेरिका में अब तक कुल 95 लाख से ज्यादा संक्रमित पाए गए और करीब दो लाख 37 हजार पीड़ितों की मौत हुई है।

अमेरिकी सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन ( सीडीसी ) ने सोमवार को बताया कि रोजाना के औसत मामले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। बीते एक हफ्ते से प्रतिदिन औसतन 80 हजार 800 नए मामले पाए जा रहे हैं। जबकि हर रोज औसतन 826 पीड़ितों की जान जा रही है। देश में सितंबर के आखिर से नए मामले दोबारा बढ़ने शुरू हुए हैं।

सीडीसी के अनुसार, देश में सोमवार को 88 हजार से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए गए। एक दिन पहले 77 हजार से अधिक संक्रमित मिले थे। जबकि गत शुक्रवार को पहली बार एक लाख से ज्यादा कोरोना पीड़ितों की पुष्टि हुई थी। अमेरिका के 50 प्रांतों में से 31 में काफी तेज गति से संक्रमण बढ़ रहा है। इन जगहों पर रिकॉर्ड संख्या में कोरोना रोगी पाए जा रहे हैं।

दूसरे दौर की कोरोना महामारी से निपटने के लिए फ्रांस में लॉकडाउन लगाया गया है, लेकिन राजधानी पेरिस में इस उपाय का जमकर उल्लंघन किया जा रहा है। इससे निपटने के लिए पेरिस में रात के समय कफ्र्यू लगाने पर विचार किया जा रहा है। इधर, ग्रीस के उत्तरी क्षेत्र में संक्रमण पर अंकुश पाने के लिए मंगलवार से लॉकडाउन प्रभावी कर दिया गया।

पोलैंड में भी ब़़ढते संक्रमण पर अंकुश पाने की कवायद में नई पाबंदियों पर विचार किया जा रहा है। जबकि स्पेन के कैटेलोनिया क्षेत्र में पाबंदियों को सख्त करने की मांग उठी है। इस क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं।

ब्रिटेन महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहा है। इस पर अंकुश पाने की कवायद में लिवरपूल शहर में इस हफ्ते से बड़े पैमाने पर कोरोना टेस्ट अभियान शुरू किया जाएगा। इस शहर में हर किसी का टेस्ट किया जाएगा। इस अभियान में मदद के लिए हजारों सैनिकों को भी तैनात किया जाएगा। इस यूरोपीय देश में अब तक दस लाख 50 हजार से ज्यादा मामले मिले हैं। जबकि 46 हजार से अधिक की मौत हुई है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...