1. हिन्दी समाचार
  2. जरूर पढ़े
  3. मंत्रिमंडल विस्तार: आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल बने केंद्रीय राज्यमंत्री, पढ़ें इनकी रोचक राजनीतिक कहानी

मंत्रिमंडल विस्तार: आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल बने केंद्रीय राज्यमंत्री, पढ़ें इनकी रोचक राजनीतिक कहानी

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

आगरा: पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रीमंडल विस्तार में आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल का नाम भी सम्मिलित है। राज्यसभा सदस्य, उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चुके सांसद प्रो. बघेल को पीएमओ से निमंत्रण मिल गया है। वे दिल्ली में चल रही बैठक में मौजूद हैं। बघेल समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले प्रो. एसपी सिंह के नाम पर मुहर लगाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक समीकरण साधने का भी प्रयास है।

सांसद एसपी सिंह बघेल को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद आगरा में उत्साह दिखाई देने लगा। आगरा कैंट अटल चौक पर भाजपाइयों प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को मंत्री बनाए जाने के बाद लोग जश्न मना रहे है।

उप्र के औरैया जिले के निवासी सांसद प्रो. बघेल खादी से पहले खाकी भी पहन चुके हैं। वे लंबे समय तक सब इंस्पेक्टर भी रहे और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा में तैनात रहे। वर्ष 1998 में मुलायम सिंह यादव ने उन्हें जलेसर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा और सफलता भी मिली। इसके बाद प्रो. बघेल ने मुड़कर नहीं देखा। बसपा ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया तो वे सांसद भी चुने गए।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा। गृहमंत्री अमित शाह के करीबी कहे जाने वाले प्रो. बघेल को भाजपा ने ज्वाइन करते ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टूंडला विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया। जीत हासिल कर वे सीएम योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट का हिस्सा भी बने।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आगरा में घमासान मचा था। तत्कालीन आगरा सांसद रामशंकर कठेरिया और फतेहपुर सीकरी सांसद चौधरी बाबूलाल में वाक युद्ध छिड़ा था। टिकट निर्धारण से पहले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने आगरा में दो दिन का डेरा डाला था। इसके बाद मौजूदा सांसद कठेरिया का टिकट काट प्रो. बघेल को आगरा लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया था। चुनाव से पहले उनके मोदी मंत्रीमंडल में सम्मिलित होने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका था। मंत्रीमंडल विस्तार में उन्होंने अपनी जगह बना ही ली है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...