भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनड़े सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में भारतीय गेंदबाज अपनी लय में नजर नहीं आए। विराट सेना का वनड़े में हार के साथ आगाज हुआ।
टी-20 सीरीज में ‘व्हाइटवॉश’ झेलने वाली कीवी टीम को भारत की दिशाहीन गेंदबाजी का फायदा मिला। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने 29 अतिरिक्त रन दिए, जिनमें 24 वाइड से आए।
वनडे रैकिंग में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 9 वाइड, जबकि शमी ने 6 वाइड डाले। इन दोनों के अलावा शार्दुल ठाकुर ने 2, रवीद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने 1-1 वाइड फेंके।
बता दें 13 साल बाद टीम इंडिया ने वाइड के 20 से ज्यादा रन दिए हैं। 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में टीम इंडिया ने 26 रन वाइड से दिए थे।