नई दिल्ली : जयपुर में 17 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए रोहित शर्मा को भारतीय टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं, विराट कोहली को सीरीज के लिए आराम दिया गया है। भारत की 16 सदस्यीय टीम में इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में सर्वाधिक रन बनाने वाले रुतुराज गायकवाड़ और सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले हर्षल पटेल को भी शामिल किया गया है। चोटों से परेशान रहने वाले हार्दिक पंड्या के संभावित विकल्प के रूप में देखे जा रहे ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को भी टीम में जगह मिली है।
सीनियर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी हुई है। टी20 विश्व कप के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल रहे श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर को भी टीम में शामिल किया गया है। रोहित की नियुक्ति महज औपचारिकता थी जबकि खेल के सबसे छोटे प्रारूप में लोकेश राहुल उप कप्तान होंगे। तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी इस सीरीज से आराम दिया गया है।
श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया का हिस्सा रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया को भी टीम में जगह नहीं मिली। सकारिया ने श्रीलंका में 2 टी20 और एक वनडे मैच खेले थे। हार्दिक पंड्या के बड़े भाई क्रुणाल पंड्या को भी टी20 टीम में नहीं चुना गया है। श्रीलंका दौरे पर गए क्रुणाल न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जगह बनाने में नाकाम रहे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे राजस्थान के दीपक हुड्डा को भी टी20 स्क्वाड में जगह नहीं मिली। अजिंक्य रहाणे भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। ये बल्लेबाज मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 286 रन बना चुका है और इनका बल्लेबाजी औसत 57.20 है। रहाणे के नाम पर भी विचार नहीं किया गया। सैयद मुश्ताक अली में महज 5 मैचों में 8 विकेट चटकाने वाले लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी निराशा झेलनी पड़ी।
भारत की टी20 टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, अक्षर पटेल, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज।
बीसीसीआई ने 23 नवंबर, 2021 से शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत ‘ए’ टीम भी चुनी। टीम दौरे के दौरान टीम 3 चार दिवसीय मैच खेलेगी। इस टीम के कप्तान प्रियांक पांचाल होंगे।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत ‘ए’ टीम: प्रियांक पांचाल (कप्तान), पृथ्वी शॉ, अभिमन्यु ईश्वरन, देवदत्त पडिक्कल, सरफराज खान, बाबा अपराजित, उपेंद्र यादव (विकेटकीपर), के गौतम, राहुल चाहर, सौरभ कुमार, नवदीप सैनी , उमरान मलिक, ईशान पोरेल, अर्जन नागवासवाला।