भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई टी-20 सीरीज को भारतीय टीम ने 5-0 से अपने नाम किया। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की धरती पर पहली बार कोई टी-20 द्विपक्षीय सीरीज जीती है। इस सीरीज में टीम इंडिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज मनीष पांडे ने एक उपलब्धि अपने नाम की है।
सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड का कोई भी गेंदबाज मनीष पांडे को आउट नहीं कर पाया और मनीष सीरीज के सारे मैचों में नाबाद लौटे। सीरीज के पांच मैचों में मनीष पांडे को 4 बार बल्लेबाजी का मौका मिला और मनीष चारो बार ही बल्लेबाजी से नाबाद लौटे। सीरीज के पांच मैचों में मनीष पांडे ने 89 रन बनाए हैं।
जबकि चौथे मुकाबले में मनीष ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। जिसकी बदौलत टीम इंडिया इस मैच में 163 के स्कोर तक पहुंच सकी। पिछली सात नाबाद पारियों में मनीष पांडे ने 2*,22*,31*,14*,14*,50*,11* रन बनाए हैं। मनीष पांडे ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में अब तक कुल 38 मैच खेले हैं जिसमें वो 17 बार नाबाद रहे।