न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के 5वें और आखिरी मुकाबले में बैटिंग के दौरान टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को पिंडली में खिंचाव आ गया था। जिसकी वजह से उन्हें चलने में दिक्कत हो रही थी। इसके बाद वह 60 रनों के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट भी हो गए थे।
बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि रोहित शर्मा वनड़े और टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए है। उससे पहले लोकेश राहुल ने कहा था कि उन्हें कुछ दिन में ठीक हो जाना चाहिए। रोहित की गैरमौजूदगी में राहुल ने टीम की अगुआई की थी। नियमित कप्तान विराट कोहली को सीरीज के अंतिम मैच में आराम दिया गया था।
टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए रोहित ने एक छक्का जड़ा जिसके दौरान उनकी बाईं पिंडली में चोट लग गई और रोहित रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने 41 गेंद की अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 60 रन बनाए थे। बताते चलें भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच बुधवार को खेला जाएगा।