1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने किया। प्रदर्शनी में प्रदेशभर के हस्तशिल्प, हथकरघा, चंदेरी, महेश्वरी, बाग प्रिंट और गोंड कला सहित कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

By: BS Yadav 
Updated:
मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

छिंदवाड़ा में मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा आयोजित मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का भव्य शुभारंभ कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने होटल पूजा लॉन, परासिया रोड में किया। मध्यप्रदेश शासन के ग्रामोद्योग विभाग के प्रायोजन में आयोजित यह प्रदर्शनी 16 जून 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी का उद्देश्य मध्यप्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प एवं हथकरघा परंपरा को बढ़ावा देना तथा प्रदेश के कारीगरों और बुनकरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का मंच उपलब्ध कराना है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकार अपने उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में चंदेरी की जरी एवं रेशम किनारी वाली साड़ियां, महेश्वरी साड़ियां, वारासिवनी और सौसर की सिल्क बुनाई वाले वस्त्र, उज्जैन का प्रसिद्ध बाटिक प्रिंट, धार जिले का बाग प्रिंट तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा खादी उत्पाद, जरी-जरदोजी कार्य, लेदर क्राफ्ट, दरी, हस्तनिर्मित ज्वेलरी, गोंड पेंटिंग, तुलसी माला, कॉटन परिधान, लकड़ी एवं खराद शिल्प जैसी अनेक कलात्मक वस्तुएं भी प्रदर्शनी में उपलब्ध हैं।

प्रदर्शनी में प्रदेशभर से लगभग 30 से 35 कारीगर एवं शिल्पी शामिल हुए हैं। इनमें चंदेरी से मोहम्मद अतीय, मोहम्मद अजीम और शेख यूनूस, भोपाल से दीपक मराठे, विजय कुमार, शैलेन्द्र सेन, सुमेर सिंह और अफरोज जहां, महेश्वर से शावेज अंसारी, उज्जैन से सरिता गुप्ता, डिंडोरी से राजकुमार धुर्वे, देवास से दुलाल साहा, सीधी से सुकीसान, ग्वालियर से पिंकी एवं गति किरण शाक्य तथा नर्मदापुरम से सुजान शर्मा सहित अनेक शिल्पकार शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में प्रदर्शनी प्रभारी अरविंद शर्मा, मृगनयनी शोरूम प्रभारी बी.एस. वर्मा, तांडेकर तथा बड़ी संख्या में बुनकर, शिल्पकार और कला प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रदर्शनी में पहुंचकर मध्यप्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प विरासत का अवलोकन करें तथा स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को प्रोत्साहित करें।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...