मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ का शुभारंभ किया गया। मध्यप्रदेश पुलिस के इस 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ अगले 15 दिनों तक ग्वालियर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश देगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजवाल जग्गा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर और डीएसपी मुख्यालय रोबिन जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जागरूकता रथ के माध्यम से पोस्टर, ऑडियो-वीडियो संदेश और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से अभियान में भागीदारी कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।