1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में पीआरडी जवानों को सीएम योगी देंगे बड़ी सौगात, वर्दी भत्ते से कैशलेस इलाज तक का ऐलान

गोरखपुर में पीआरडी जवानों को सीएम योगी देंगे बड़ी सौगात, वर्दी भत्ते से कैशलेस इलाज तक का ऐलान

गोरखपुर में पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्दी भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और परिवार कल्याण योजना जैसी सौगातों की शुरुआत करेंगे। साथ ही प्रदेश के 11 बड़े शहरों में पीआरडी के विस्तार और लखनऊ में बहुमंजिला बैरक के शिलान्यास की तैयारी है।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर में पीआरडी जवानों को सीएम योगी देंगे बड़ी सौगात, वर्दी भत्ते से कैशलेस इलाज तक का ऐलान

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित होने वाले पीआरडी जवानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और सुविधाओं की शुरुआत की जाएगी। सरकार की ओर से वर्दी भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और परिवार कल्याण योजना जैसी पहल की तैयारी है।

पीआरडी जवानों को मिलेगा 3 हजार रुपये वर्दी भत्ता

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए 3,000 रुपये के वर्दी भत्ते की शुरुआत करेंगे। इससे जवानों को ड्यूटी के दौरान आवश्यक वर्दी संबंधी खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।

कैशलेस इलाज की सुविधा भी होगी शुरू

पीआरडी जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। इस सुविधा के जरिए जवानों को इलाज के दौरान आर्थिक सहायता और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

परिवारों के लिए शुरू होगी कल्याण योजना

सम्मेलन में ‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ की भी शुरुआत प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ना है।

प्रदेश में 31 हजार से अधिक जवान पंजीकृत

विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में वर्तमान में 821 ग्रामीण कंपनियां गठित हैं। पोर्टल पर करीब 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं, जबकि 29 हजार से अधिक स्वयंसेवक सक्रिय रूप से सेवाएं दे रहे हैं। इनमें करीब दो हजार महिला स्वयंसेवक भी शामिल हैं।

11 बड़े शहरों में होगा पीआरडी का विस्तार

पीआरडी के संगठन को अब प्रदेश के प्रमुख शहरी क्षेत्रों तक विस्तार देने की तैयारी है। इसके तहत लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, आगरा, मुरादाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़ और बरेली में शहरी कंपनियों के गठन का प्रावधान किया जा रहा है।

लखनऊ में बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री लखनऊ में प्रस्तावित बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी करेंगे। इससे पीआरडी संगठन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ेगा। पीआरडी जवानों के लिए वर्दी भत्ता, स्वास्थ्य सुविधा और परिवार कल्याण योजना के साथ संगठन के शहरी विस्तार की यह पहल प्रदेश में स्वयंसेवकों की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...