बुरहानपुर जिले के विकासखंड खकनार में ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादु ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास योजनाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए।
खकनार, तुकईथड़, देड़तलाई और परेठा सेक्टर की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कई परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। विधायक ने कहा कि यदि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मंजू राजेंद्र दादु ने कहा कि अब वे स्वयं बिना पूर्व सूचना के ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान यदि अधूरे कार्य, खराब गुणवत्ता, कर्मचारियों की अनुपस्थिति या योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही मिली तो मौके पर ही जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से गांवों में नियमित भ्रमण कर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर किश्तों का भुगतान सुनिश्चित करने, पेयजल, सड़क, नाली, भवन मरम्मत सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने संबल योजना के तहत पात्र परिवारों को अंत्येष्टि सहायता और अन्य आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।