बुरहानपुर के थाना निंबोला क्षेत्र में हुई हाईवे लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
यह घटना 7 मई को कटी घाटी के पास हुई थी, जहां ट्रक ड्राइवर अजय वास्कले से कार सवार बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में टीम ने कई जिलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध होंडा अमेज कार तक पहुंचकर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ट्रक का पुराना मालिक ही अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की साजिश में शामिल था। आरोपियों ने पहले से ट्रक की लोकेशन लेकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मोहम्मद अली, युग श्रीवास्तव और जुबेर मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।