1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. खंडवा में भगवान महावीर जयंती पर भव्य रथयात्रा, समाजजनों ने अपने हाथों से खींचा रथ

खंडवा में भगवान महावीर जयंती पर भव्य रथयात्रा, समाजजनों ने अपने हाथों से खींचा रथ

यात्रा में भजन, धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। महावीर उद्यान से यात्रा आगे बढ़ते हुए विठ्ठल मंदिर, बजरंग चौक, घासपुरा स्थित जैन मंदिर और नमीनाथ श्वेतांबर मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक आरती और भक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए।

By: Naredra 
Updated:
खंडवा में भगवान महावीर जयंती पर भव्य रथयात्रा, समाजजनों ने अपने हाथों से खींचा रथ

खंडवाः अहिंसा और “जियो और जीने दो” का संदेश देने वाले जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर खंडवा में सकल जैन समाज द्वारा भव्य रथयात्रा निकाली गई। पूरे शहर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

समाज के सचिव सुनील जैन और मीडिया प्रभारी प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान महावीर के संदेशों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से रथयात्रा का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि वर्षों से परंपरा के अनुसार रथ को बैलों की बजाय समाजजन स्वयं अपने हाथों से खींचते आ रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सराफा स्थित पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रभातफेरी के साथ हुई। इसके बाद तुलसी उद्यान में ध्वजारोहण किया गया। रथयात्रा बुधवारा, बांबे बाजार, घंटाघर होते हुए महावीर जैन उद्यान पहुंची, जहां अतिथियों द्वारा केसरिया ध्वज फहराया गया।

रथयात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यात्रा में भजन, धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। महावीर उद्यान से यात्रा आगे बढ़ते हुए विठ्ठल मंदिर, बजरंग चौक, घासपुरा स्थित जैन मंदिर और नमीनाथ श्वेतांबर मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक आरती और भक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए।

रथयात्रा के समापन पर पोरवाड़ दिगम्बर जैन धर्मशाला में भगवान महावीर का अभिषेक, शांतिधारा और आरती की गई। इसके बाद अग्रवाल धर्मशाला में जैन सोशल ग्रुप द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण की।

यात्रा में जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाजजनों के साथ मिलकर रथ खींचते हुए भाजपा और कांग्रेस के नेताओं सहित जनप्रतिनिधियों ने भगवान महावीर की आरती भी की। इस अवसर पर समाज के कई परिवारों को विभिन्न धार्मिक सेवाओं का सौभाग्य प्राप्त हुआ। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और एकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।

खंडवा से संवाददाता नितिन झवर की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...