सीहोरः अहमदपुर थाना क्षेत्र के चरनाल गांव स्थित शासकीय हाई स्कूल इन दिनों नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। स्कूल परिसर के बाहर खुलेआम नशा करने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि स्कूल के चौकीदार को नशेड़ियों द्वारा जान से मारने की धमकी तक दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत बाबूलाल विश्वकर्मा ने अहमदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सलमान एवं आकाश नाम के व्यक्ति नियमित रूप से स्कूल गेट के पास नशा करते हैं। कई बार समझाने के बावजूद दोनों द्वारा गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति नहीं रहने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। प्रिंसिपल को कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मामले को लेकर अहमदपुर थाना प्रभारी रमन सिंह ठाकुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। स्कूल परिसर के आसपास नशे की गतिविधियों से छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीहोर से संवाददाता कन्हैया नाथ की रिपोर्ट