1. हिन्दी समाचार
  2. राजनीति
  3. भारत ने चीन को दिखाया आइना, UN में आतंकी साजिद मीर का ऑडियो सुनाया

भारत ने चीन को दिखाया आइना, UN में आतंकी साजिद मीर का ऑडियो सुनाया

संयुक्त राष्ट्र में आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगाने पर भारत ने अप्रत्यक्ष रूप से चीन पर निशाना साधा है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए संयुक्त राष्ट्र के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने कहा कि न्याय अभी भी मुंबई आतंकवादी हमलों के पीड़ितों से दूर है। इसके जवाब में भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 26/11 हमले में वांटेड लश्कर के आतंकी साजिद मीर का ऑडियो जारी किया। इस ऑडियो में वह मुंबई हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों को निर्देश देता सुनाई दे रहा है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्लीः चीन द्वारा संयुक्त राष्ट्र में आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगाने पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। आतंकवाद-निरोध पर एक उच्च-स्तरीय संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में भारत ने अप्रत्यक्ष रूप से चीन पर निशाना साधा है। बता दें कि बीते मंगलवार को चीन ने अपने वीटो पावर का इस्तेमाल करते हुए भारत और यूएस द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगा दी थी। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए संयुक्त राष्ट्र के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने कहा कि न्याय अभी भी मुंबई आतंकवादी हमलों के पीड़ितों से दूर है। इसके जवाब में भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 26/11 हमले में वांटेड लश्कर के आतंकी साजिद मीर का ऑडियो जारी किया। इस ऑडियो में वह मुंबई हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों को निर्देश देता सुनाई दे रहा है। इससे पहले 28 अक्टूबर 2022 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक मुंबई के ताज होटल में ही हुई थी। तब विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की मौजूदगी में साजिद मीर का एक और ऑडियो क्लिप प्ले किया गया था। इसमें वो फोन पर आतंकियों से कह रहा था ‘जहां भी मूवमेंट दिखे, जहां भी लोग हों वहां फायर ठोको’।

यहां तक कि पाकिस्तान ने दुनिया को मूर्ख बनाने के लिए साजिद मीर को मृत घोषित कर दिया था। उसका डीएनए भी टेस्ट कराय गया, लेकिन बाद में पता चला कि साजिद मीर जिंदा है। उसके बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव में पाकिस्तान ने उसे अरेस्ट आतंकवादियों को पैसा देने के आरोप में 15 साल जेल की सजा सुनाई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साजिद मीर जिस डेविड कोलमैन हेडली का हैंडलर था, उसने ही आतंकी सदस्यों को मुंबई हमले के लिए तैयार किया था। हेडली वर्तमान में अमेरिका की एक जेल में बंद है। बता दें कि 26 नवंबर 2008 की रात को लश्कर-ए-तैयबा के दस पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई की चार जगहों पर हमले किए थे। जिसमें 160 से अधिक बेकसूर लोग मारे गए थे, जिसमें दो दर्जन से ज्यादा विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इस बीच मुंबई पुलिस ने आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया था। जबकि बाकी नौ आतंकवादियों को मार गिराया था। इसके बाद करीब 4 साल बाद कसाब को 11 नवंबर 2012 को फांसी दी गई थी।

बता दें कि अमेरिका ने आतंकी साजिद पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया है। अमेरिकी जांच एजेंसी के मुताबिक आतंकी साजिद मीर लश्कर-ए-तैयबा के लिए 2001 से सक्रिय था। उसने लश्कर के साथ मिलकर कई आतंकी हमलों को अंजाम दिया। 21 अप्रैल 2011 को मीर पर यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने चार्ज लगाए थे। उस पर विदेशी सरकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने, आतंकवादियों को मदद देने, अमेरिका के बाहर एक नागरिक की हत्या करने और सार्वजनिक स्थानों पर बमबारी का आरोप लगाया गया था। वहीं 22 अप्रैल 2011 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...