1. हिन्दी समाचार
  2. राजनीति
  3. व्लादिमीर पुतिन की बढ़ी मुश्किलें, विद्रोह पर उतरी प्राइवेट आर्मी ‘वैगनर’

व्लादिमीर पुतिन की बढ़ी मुश्किलें, विद्रोह पर उतरी प्राइवेट आर्मी ‘वैगनर’

रूस में वैगनर आर्मी ने तख्तापलट की कोशिश की है। वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने पुतिन को सत्ता से उखाड़ फेंकने की धमकी दी है। ग्रुप के लड़ाके मॉस्को की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए रूसी सेना तैनात की गई है। प्रिगोजिन की धमकी के बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

मॉस्कोः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वैगनर आर्मी विद्रोह पर उतर आई है। वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने पुतिन को सत्ता से उखाड़ फेंकने की धमकी दी है। ग्रुप के लड़ाके मॉस्को की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए रूसी सेना तैनात की गई है। बता दें कि वैगनर ग्रुप को व्लादिमीर पुतिन की प्राइवेट आर्मी कहा जाता था। प्रिगोजिन की धमकी के बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। रूसी मीडिया की तरफ से जारी तस्वीरों में रोस्तोव शहर की सड़कों पर वैगनर की बख्तरबंद गाड़ियां दिखाई गईं। इसके बाद रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने देश के नाम संबोधित में कहा कि वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे।

एक रिपोर्ट के मुताबिक वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है। हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है। हालात यह है कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। वहीं राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आदेश के बाद रूसी जांच एजेंसी FSB ने वैगनर चीफ के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया है। उन पर सशस्त्र विद्रोह भड़काने का आरोप लगाया गया है। लड़ाकों से उनका कोई आदेश न मानने और उन्हें हिरासत में लेने को कहा गया है।

बता दें कि रूस ने शनिवार को वैगनर हेड प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया है। रूस और वैगनर के बीच तनाव यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। इस हमले में कई वैगनर लड़ाके मारे गए थे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...