पन्ना के बिहरपुरवा गांव के नयापुरा क्षेत्र में हुए दर्दनाक निर्माण हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे में 5 मजदूरों की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हादसे से आक्रोशित लोगों ने माधवगंज चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री फंस गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य में लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। परिजन मृतकों के लिए 1-1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन में रोती-बिलखती महिलाएं भी शामिल रहीं, जो अपने परिजनों के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस विभाग और प्रशासनिक टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।