पन्ना जिले के धर्मपुर थाना क्षेत्र के नरदहा चौकी अंतर्गत ग्राम कटरा में अवैध खनन को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां रकबे के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है।
सामने आए एक लिखित आवेदन में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित क्षेत्र में निर्धारित सीमाओं से बाहर जाकर उत्खनन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व की भारी क्षति हो रही है।
आवेदन में कई खसरा नंबरों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि नियमों के विपरीत मशीनों का इस्तेमाल कर लगातार खनन जारी है। और जब इसका विरोध करते हैं तो खनन माफिया मारपीट करते हैं बाकायदा इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरे मामले की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को भी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, स्थानीय लोगों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब मांग उठ रही है कि प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि अवैध खनन पर रोक लगाई जा सके। वहीं पुलिस के अधिकारियों का कहना है इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और इसके बाद वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।