ग्वालियर के सिविल अस्पताल हजीरा में ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ICU, जनरल वार्ड और अन्य विभागों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान ICU में खराब पड़े एसी को देखकर मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी में मरीजों की सुविधा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ता कोक सिंह राठौर से भी मुलाकात कर सेवा भाव दिखाया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
मंत्री अस्पताल की रसोई में पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने दाल, चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया और स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता परखी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।