1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. गांव चलो–बस्ती चलो अभियानः जन चौपाल में गूंजा विकास का एजेंडा, सड़क, बिजली व पानी की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश

गांव चलो–बस्ती चलो अभियानः जन चौपाल में गूंजा विकास का एजेंडा, सड़क, बिजली व पानी की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश

सांसद वी.डी. शर्मा और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद। पानी–सड़क–बिजली पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, 9 करोड़ की सड़क स्वीकृत।

By: Naredra 
Updated:
गांव चलो–बस्ती चलो अभियानः जन चौपाल में गूंजा विकास का एजेंडा, सड़क, बिजली व पानी की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश

पन्नाः पन्ना विधानसभा के ग्राम जरधोबा में “गांव चलो–बस्ती चलो अभियान” के तहत आयोजित जन चौपाल में खजुराहो सांसद वी. डी. शर्मा और पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधा संवाद किया। यह जन चौपाल केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि जमीनी समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में सामने आया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे एवं उपाध्यक्ष संतोष यादव, सतानंद गौतम, सुशील त्रिपाठी,कमल लालवानी, बॉबी राजा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष,राजेंद्र कुशवाहा,संगीता राय, नरेंद्र यादव दीपेश व्यास, राकेश चौबे पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा कलेक्टर उषा परमार पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जन चौपाल से पूर्व जनप्रतिनिधियों ने झिन्ना धाम पहुंचकर भगवान हनुमान जी के दर्शन किए और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की, जहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क, बिजली, मुआवजा और शासकीय योजनाओं के लाभ नहीं मिलने जैसी समस्याएं खुलकर रखीं। सांसद और विधायक ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।

पेयजल समस्या को लेकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नल-जल योजना को तत्काल सुधारकर हर घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। जरधोबा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सड़क के लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की गई। बताया गया कि पन्ना टाइगर रिजर्व से अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी।

बिजली समस्या पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मड़ई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने पर जोर दिया गया।

जन चौपाल में जंगली जानवरों के हमले में मृत व्यक्ति के परिजनों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत 10 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिससे पीड़ित परिवार को राहत मिल सके। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि आयुष्मान कार्ड सहित सभी शासकीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस जन चौपाल में केवल समस्याएं नहीं सुनी गईं, बल्कि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की गई। मौके पर दिए गए निर्देशों से यह स्पष्ट संदेश गया कि अब विकास कार्यों में देरी या अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...