हांगकांग में चीन के राष्ट्रीय कानून के तहत कई विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जोशुआ वोंग ने रविवार को कहा कि पूर्व विधान परिषद के सदस्यों समेत कई विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। जोशुआ वोंग ने ट्विटर पर लिखा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में एडी चू, रे चैन, फर्नांडो चेउंग, वू ची वाई, एंड्रयू वान, हेलेना वोंग और स्टीवन शामिल हैं। हांगकांग में चीन का दमनात्मक रवैया जारी है।
24 सितंबर को हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक आंदोलन के प्रमुख चेहरा रहे जोशुआ वोंग को गिरफ्तार किया गया था। पांच अक्टूबर, 2019 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान एक जगह गैरकानूनी रूप से जमा होने के आरोप में उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया गया। दोषी पाए जाने पर इसके लिए पांच साल की जेल हो सकती है। वोंग एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में पुलिस स्टेशन गए थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 23 साल के वोंग ने ट्विटर पर लिखा कि मुझ पर दमनकारी मास्क विरोधी कानून के उल्लंघन का भी आरोप है।
2019 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों ने चेहरे पर मास्क लगाकर सरकार के खिलाफ गुस्से का इजहार किया था। इसके बाद प्रदर्शन के दौरान मास्क पहनने पर रोक लगा दी गई थी। इसके उल्लंघन पर एक साल की जेल का प्रावधान है।
साउथ चाइना मार्निग पोस्ट के मुताबिक, 74 साल के सामाजिक कार्यकर्ता कू से-ईयु को भी पांच अक्टूबर के प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। हांगकांग पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हांगकांग में विरोध को दबाने के लिए जुलाई में चीन ने विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू किया था। इसके बाद कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। अमेरिका समेत कई देश इस कानून की निंदा कर चुके हैं।
बीते दिनों चीन ने हांगकांग के 12 लोकतंत्र कार्यकर्ताओं को अलगाववादी करार दिया था। इससे पहले चुनाव टाले जाने के विरोध में हांगकांग की सड़कों पर हुए प्रदर्शनों के दौरान 289 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यह चुनाव छह सितंबर को होना था लेकिन इसे एक साल के लिए चुनाव स्थगित कर दिया गया था। यही नहीं अगस्त में हांगकांग में चीन के विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मीडिया दिग्गज जिमी लाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।