खंडवा जिले के तीर्थस्थल ओंकारेश्वर में सिंहस्थ-2028 और मास्टर प्लान-2031 को लेकर प्रस्तावित विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। इसी के तहत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर, सांसद एवं विधायक को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नगर अध्यक्ष संतोष वर्मा ने ज्ञापन में मांग की कि सिंहस्थ-2028 की सभी कार्ययोजनाएं और मास्टर प्लान-2031 के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी आम जनता के लिए सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि नगर के भविष्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का सीधा प्रभाव स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और परिवारों पर पड़ेगा।
ज्ञापन में ओंकारेश्वर के 15 वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों, फोरलेन सड़क, बायपास मार्ग, घाट निर्माण, पुल निर्माण और अन्य परियोजनाओं के नक्शे सार्वजनिक करने की मांग की गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे लोगों को अपने क्षेत्र में होने वाले बदलावों की समय रहते जानकारी मिल सकेगी।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में प्रभावित लोगों को पहले पुनर्वास और आवास योजनाओं का लाभ दिया जाना चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उचित भूखंड उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि सभी विकास योजनाओं की जानकारी समय रहते सार्वजनिक कर दी जाती है, तो भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं बनेगी। इससे जनता का भरोसा प्रशासनिक कार्यों और विकास परियोजनाओं पर और अधिक मजबूत होगा।
इस दौरान ओंकारेश्वर क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी एवं संतुलित विकास की मांग की।