दतियाः जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आमजन जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के बीच सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। बावजूद इसके कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का संचालन सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक किया जा रहा है, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
भाजपा पार्षद बृजेश दुबे ने इस गंभीर स्थिति को लेकर प्रेस के माध्यम से जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी और लू के चलते छोटे-छोटे बच्चे डिहाइड्रेशन एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हो रहे हैं।
दोपहर 12 बजे छुट्टी होने के बाद बच्चों को घर पहुंचने में करीब एक बजे तक का समय लग जाता है, जिससे उन्हें चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अधिकांश बच्चे दोपहिया वाहनों या ऑटो के माध्यम से घर लौटते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर और अधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में बच्चों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
पार्षद बृजेश दुबे ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मांग की है कि कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की है।
दतिया से संवाददाता विनोद कुशवाह की रिपोर्ट