भोपाल : मध्य प्रदेश भोपाल में मूंग खरीदी के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल और कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राहुल राज ने सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस वर्ष प्रदेश में मूंग की अच्छी पैदावार हुई है और किसानों के पास बड़ी मात्रा में मूंग का स्टॉक मौजूद है, लेकिन सरकार किसानों से प्रति एकड़ केवल सवा क्विंटल मूंग ही खरीद रही है, जिससे अधिकांश किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह जाएंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार पहले किसानों को निशुल्क बीज वितरण और विभिन्न योजनाओं के जरिए मूंग उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करती है, लेकिन जब फसल तैयार होकर मंडियों में पहुंचती है तो खरीद की सीमा तय कर किसानों को परेशान किया जाता है। नेताओं ने कहा कि यदि गुजरात जैसे राज्यों में अधिक मात्रा में मूंग खरीदी की जा सकती है, तो मध्य प्रदेश में ऐसा क्यों नहीं हो रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह एक ही दल की सरकार है, तो खरीद नीति में इतना अंतर क्यों है।

कांग्रेस ने मांग की कि किसानों से उनकी पूरी मूंग की फसल, यानी 100 प्रतिशत खरीदी जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मूंग खरीदी का दायरा नहीं बढ़ाया और किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और लगातार आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।