ग्वालियरः एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और गैस संकट के लिए जिम्मेदार है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि केंद्र सरकार शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान करे। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और हाथों में खाली गैस सिलेंडर, थाली, कटोरे और बर्तन लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान ठेले पर रसोई गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रैली नदी गेट चौराहे से शुरू होकर पाटनकर बाजार चौराहे पर समाप्त हुई।
बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने महंगाई और गैस संकट को लेकर सरकार को घेरा और जल्द समाधान की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, सेवा दल और युवक कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।