1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. कांग्रेस ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा- बिना प्रमाण के 167 नाबालिग बच्चों को ट्रेन से उतारा!

कांग्रेस ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा- बिना प्रमाण के 167 नाबालिग बच्चों को ट्रेन से उतारा!

कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने प्रशासन पर यह भी गंभीर आरोप लगाया कि बच्चों को समुचित देखभाल एवं पर्याप्त, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जो कि मानवाधिकारों का स्पष्ट हनन है।

By: Naredra 
Updated:
कांग्रेस ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा- बिना प्रमाण के 167 नाबालिग बच्चों को ट्रेन से उतारा!

कटनीः जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कटनी रेलवे स्टेशन पर 11 अप्रैल 2026 को हुई घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पटना–पुणे एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे लगभग 167 नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी के संदेह में बिना ठोस प्रमाण के जबरन उतार लिया गया, जबकि ये बच्चे अपने परिजनों की सहमति से महाराष्ट्र के लातूर में शिक्षा प्राप्त करने हेतु जा रहे थे।

अमित शुक्ला ने कहा कि बिना समुचित जांच एवं विधिक प्रक्रिया का पालन किए इस प्रकार की कार्रवाई न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों एवं न्यायालय के स्थापित दिशा-निर्देशों का भी उल्लंघन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई दिनों से बच्चों को उनके परिजनों से दूर रखा गया है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

उन्होंने प्रशासन पर यह भी गंभीर आरोप लगाया कि बच्चों को समुचित देखभाल एवं पर्याप्त, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जो कि मानवाधिकारों का स्पष्ट हनन है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि सभी बच्चों को शीघ्र उनके परिजनों को सौंपा जाए, उनके लिए उचित भोजन, स्वास्थ्य एवं रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय की शरण लेकर बच्चों को न्याय दिलाने की कार्यवाही भी की जाएगी।

अमित शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्यवाही नहीं की गई, तो जिला कांग्रेस कमेटी आंदोलन करने के साथ-साथ न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए भी बाध्य होगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे एवं सभी ने एक स्वर में प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...