बुरहानपुर जिले में एक कॉलोनी को लेकर विवाद सामने आया है, जहां रहवासियों ने आरोप लगाया है कि आवासीय भूमि बताकर उन्हें प्लॉट बेचे गए, लेकिन वहां आज तक सड़क, पानी, बिजली और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि का डायवर्शन केवल व्यक्तिगत आवासीय उपयोग के लिए हुआ था, लेकिन बिना कॉलोनी लाइसेंस और जरूरी अनुमतियों के छोटे-छोटे प्लॉट काटकर बेचे गए। इससे कई लोगों को गुमराह कर जमीन खरीदने के लिए प्रेरित किया गया।
कॉलोनीवासियों के अनुसार, प्लॉट खरीदते समय उन्हें सभी सुविधाएं विकसित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों बाद भी सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज व्यवस्था जैसी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं।
मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंच चुकी है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और स्वीकृतियों की जांच की जा रही है, और यदि अनियमितता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।