मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 2 मार्च को बड़वानी जिले के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के नांगलवाड़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और जुलवानिया में आयोजित भगोरिया उत्सव में शामिल होने के मद्देनजर डीआईजी और कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नांगलवाड़ी में भीलट देव के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात नांगलवाड़ी में ही कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसी दिन मुख्यमंत्री जुलवानिया के भगोरिया उत्सव में भी शिरकत कर लोक संस्कृति के रंग में रंगे नजर आएंगे।
डीआईजी खरगोन रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा और कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने संयुक्त दल के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का भ्रमण किया। डीआईजी ने सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग, वीआईपी रूट और सुरक्षा घेरे की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाय। यातायात को सुगम बनाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने निरीक्षण के दौरान मंच और बैठक व्यवस्था को देखा। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि बढ़ते तापमान और गर्मी के मौसम को देखते हुए आम जनता के लिए पेयजल और छाया की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने विभागीय प्रदर्शनियों और पंडालों को समय सीमा के भीतर तैयार करने के लिए संबंधित विभागों के इंजीनियरों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोक निर्माण विभाग के अभियंता और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का पूरा ध्यान इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और आम दर्शनार्थियों की सुविधा के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।