उज्जैनः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कनाडा में छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा के निधन की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्वर्गीय गुरकीरत सिंह मनोचा को श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में स्वर्गीय गुरकीरत सिंह मनोचा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि मनोचा का हाल ही में कनाडा में एक दुखद दुर्घटना में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन के प्रयासों से पार्थिव शरीर को कनाडा से भारत लाया जा सका।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट