मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में बुरहानपुर जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के समग्र विकास के लिए 696 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करते हुए बुरहानपुर को विकास की नई दिशा देने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर की धरती से कुल 48 विकास कार्यों का 362 करोड़ रुपये की लागत से भूमि-पूजन और 32 विकास कार्यों का 334 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में जल आपूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा जिन अहम परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया, उनमें-
158 करोड़ रुपये की बुरहानपुर जल प्रदाय योजना
35.38 करोड़ रुपये की लागत से शाहपुर में सीताबाई रामचंद्र राव देशमुख सांदीपनी विद्यालय
12 करोड़ रुपये का नया इंडस्ट्रियल एरिया पावरलूम क्लस्टर
7 करोड़ रुपये की लागत से जिला चिकित्सालय में 100 बिस्तरों वाला नया वार्ड
7 करोड़ रुपये का बखारी स्टोरेज तालाब और 28.11 करोड़ रुपये के 24 जल परियोजनाएं
16 करोड़ रुपये के क्रिटिकल केयर और बिजली से जुड़े कार्य शामिल रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर को बुनकरों का शहर बताते हुए कहा कि यह जिला वस्त्र, पावरलूम, केला उत्पादन और कपास की खेती में नवाचार के लिए जाना जाता है। उन्होंने केले के तने से कपड़ा बनाने जैसे नवाचार की विशेष सराहना की। उन्होंने बताया कि पीएम मित्र पार्क (धार के पास) के माध्यम से बुरहानपुर के कपास से बने वस्त्र अब देश-विदेश में निर्यात किए जाएंगे। किसानों के लिए कृषि आधारित इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव, आधुनिक प्रोसेसिंग, भंडारण और निर्यात सुविधाएं विकसित करने का भी आश्वासन दिया गया।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुधारों पर बात करते हुए-
सामूहिक विवाह को प्रोत्साहन देने की अपील की और बताया कि सरकार प्रति जोड़ा 55 हजार रुपये की सहायता देती है।
लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों के खातों में 1500 रुपये की राशि भेजे जाने की घोषणा की।
रोजगार आधारित कारखानों के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को 5,000 रुपये प्रतिमाह की सरकारी सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई।

पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस की मांगों पर मुख्यमंत्री ने कई नई घोषणाएं कीं-
खामनी से दही हांडी, खामनी से रायगांव (5 किमी) और शाहपुरा से सुपुरी मार्ग का निर्माण
बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा
आबादी के मानक पूरे होने पर शाहपुर नगर परिषद को नगर पालिका का दर्जा
सिंधी समाज के व्यापारियों को दुकानों और मकानों का अधिकार
बुरहानपुर सहकारी सूत मिल के श्रमिकों की देनदारी चुकाकर वहां नया उद्योग स्थापित करने का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर को ब्रह्मा जी की सृष्टि की कलाकृति बताते हुए ताप्ती मैया, महाकाल और ममलेश्वर का स्मरण किया। उन्होंने सनातन संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कांग्रेस पर नर्मदा वैली प्रोजेक्ट और सिंचाई योजनाओं को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे किसान गरीब होता गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए नदी जोड़ो अभियान और गुलामी के प्रतीकों को हटाने जैसे कार्यों की प्रशंसा की। अंत में मेघा रिचार्ज योजना को मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए जल प्रबंधन में मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर मंच और सभा में मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मंजू दादू, सांसद ज्ञानेश्वर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने,पूर्व विधायक सुमित रा कासरेकर सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें, सिंधी समाज के व्यापारी, किसान, बुनकर और जिले के नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य बातें