दुनियाभर में तेजी से फैली कोरोना वायरस की महामारी के चलते ज्यादातर देशों ने लॉकडाउन लगाया। जिसकी वजह से दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। अर्थव्यवस्था डगमगाने के कारण लाखों-करोड़ों नौकरियां जाने का खतरा मंडरा रहा है।
इस बीच यूके की तेल कंपनी ब्रिटिश पेट्रोलियम ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी करने का एलान किया है। बता दें कि मौजूदा समय में कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 70 हजार है।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी लगभग 15 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है।कंपनी के सीईओ बर्नार्ड लूनी ने अपने 70 हजार कर्मचारियों को ईमेल लिखकर बताया है कि बीते दिनों तेल की मांग में भारी गिरावट होने के कारण अब इस घाटे से उबरना जरूरी है और इसी वजह से हम कंपनी के 10,000 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिन लोगों को कंपनी से बाहर किया जाएगा, उसमें अधिकतर वरिष्ठ अधिकारी होंगे, कम सैलरी पाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। लूनी ने कहा है कि कंपनी अपने खर्चों में आगे भी कमी कर सकती है। वहीं 2021 में कंपनी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सैलरी में बढ़ोतरी नहीं दे रही है, कंपनी का कहना है कि इस साल सैलरी बोनस नहीं मिलेगा।