दतिया में भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम उपराय के पूर्व सरपंच और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि छत्रपाल दांगी सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के दतिया स्थित निवास पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छत्रपाल दांगी और उनके साथ आए सैकड़ों युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नीतियों एवं संगठनात्मक विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की बात कही। उन्होंने भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन को मजबूत करने के प्रयासों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं और जनप्रतिनिधियों के जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने भाजपा परिवार में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के साथ आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा, सीतापुर के सरपंच सिद्धेश्वर जी, रैपुरा के जयपाल गुर्जर और जे.पी. शर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।