1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. शहर में किया जा रहा सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव, पढ़ें पूरी खबर..

शहर में किया जा रहा सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव, पढ़ें पूरी खबर..

बिहार के गया जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे लेकर गया नगर निगम द्वारा व्यापक पैमाने पर सैनिटाइजिंग अभियान चलाया जा रहा है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

बिहार के गया जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे लेकर गया नगर निगम द्वारा व्यापक पैमाने पर सैनिटाइजिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दूसरे दिन शहर के रेलवे स्टेशन स्थित नगर निगम स्टोर से सैनिटाइजिंग अभियान की शुरुआत की गई। जहां मेयर गणेश पासवान, डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों एवं निगम के कर्मचारियों ने स्वयं अपने हाथों से सैनिटाइजिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कों, गलियों, मकानों व दुकानों को सैनिटाइज किया गया। साथ ही लोगों के बीच मास्क का वितरण किया गया। इस बीच लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक भी किया गया।

इस मौके पर मेयर गणेश पासवान ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वार्ड पार्षदों द्वारा युद्ध स्तर पर सैनिटाइजिंग अभियान चलाया गया था। अब कोरोना की तीसरी लहर ओमिक्रान का कहर जारी है। इसे लेकर हमलोगों द्वारा आज लगातार दूसरे दिन शहर के बैरागी, स्टेशन रोड, बागेश्वरी, तेल बिगहा, संजय नगर सहित अन्य कई मोहल्लों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हम लोगों को यह बता रहे हैं कि कोरोना को लेकर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन करें और हर हाल में मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को लेकर युद्ध स्तर पर सैनिटाइजेशन कार्य में लगा हुआ है।

वहीं डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि सैनिटाइजेशन अभियान में ‘सोडियम हाइपोक्लोराइट’ केमिकल का प्रयोग किया जा रहा है। यह केमिकल कीटाणुओं को मारने में काफी कारगर है। चाहे वह लारवा हो, कीटाणु हो या डेंगू जैसा मच्छर। यह सभी तरह के कीटाणु का खात्मा करता है। साथ ही हवा में जो एंटी बॉडी वायरस है, उसको भी मारने में कारगर है। शहर की दुकानों, मकानों के अलावा नालियों में भी इस का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही इस  स्प्रिंटर मशीन से भी केमिकल का छिड़काव हो रहा है। इसके अलावा फागिंग भी की जा रही है। ताकि कोरोना के वायरस को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोरोना का यह वायरस बहुरूपिया है, जो तरह-तरह के रूप बदलकर कहर बरपा रहा है। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन हर हाल में लोगों को अनुपालन करना चाहिए। मकर संक्रांति जैसे पर्व के अवसर पर भी हमलोग शहरवासियों को कोरोना के प्रति जागरूक  कर रहे है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मौके पर उप नगर आयुक्त अजय कुमार, पार्षद दीपक चंद्रवंशी, धर्मेंद्र कुमार, पार्षद प्रतिनिधि डिंपल कुमार, उपेंद्र कुमार, नोडल पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, उप नोडल पदाधिकारी दिनकर प्रसाद, मुख्य सफाई निरीक्षक सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य मौजूद थे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...