MP News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के अभियान के तहत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा संसदीय क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की शुरुआत की है। इसी कड़ी में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के उमरिया में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) का अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड रोलिंग स्टॉक निर्माण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसे “ब्रह्मा” नाम दिया गया है। यह संयंत्र आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और रणनीतिक पहल मानी जा रही है।
इस संयंत्र की स्थापना ₹1800 करोड़ की लागत से की जा रही है, जो तकनीकी दृष्टि से अत्याधुनिक होगा। यहां वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक रेल और मेट्रो कोचों के साथ-साथ रक्षा उत्पादों का डिज़ाइन, निर्माण, असेंबली और परीक्षण किया जाएगा। इससे देश की रेलवे और रक्षा क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, यह परियोजना क्षेत्रीय विकास में भी बड़ी भूमिका निभाएगी। संयंत्र से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और छोटे-लघु उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे विदिशा और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस ऐतिहासिक परियोजना का शिलान्यास 10 अगस्त को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा किया जाएगा। उनके साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस आयोजन को सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और विकास का उत्सव बताया है। यह संयंत्र आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति और क्षेत्रीय समृद्धि की दिशा में एक सशक्त कदम है।