ग्वालियर पुलिस ने डबरा-टेकनपुर हाईवे स्थित होटल बॉर्डर रिसॉर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। पुलिस को लंबे समय से यहां अवैध गतिविधियों और जुए की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर तीन विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।
एसपी धर्मवीर सिंह यादव के निर्देश पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई। महिला डीएसपी शिखा सोनी के नेतृत्व में एडिशनल एसपी विदिता डागर की देखरेख में तीन अलग-अलग टीमों ने होटल पर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरों से एक युवक और एक युवती को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। इसके अलावा जुआ खेलते हुए 10 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है, जिसे भीम आर्मी से जुड़ा नेता बताया जा रहा है। मौके से पुलिस ने लगभग ₹15,000 नकद, एक कार और एक बाइक भी जब्त की है।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की अनैतिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे अवैध कार्यों पर रोक लगाई जा सके।