मध्यप्रदेश के पन्ना जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने आए एक नर्सिंग छात्र के प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने की आशंका है। घटना के बाद पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार तलाश अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, सतना में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले 4 से 5 छात्रों का एक समूह मंगलवार को बृहस्पति कुंड घूमने पहुंचा था। घूमने के दौरान सभी छात्र प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए, जहां नहाते समय एक छात्र अचानक गहरे पानी में लापता हो गया।
लापता छात्र की पहचान कुनाल ठाकुर (25 वर्ष), पिता अकुलु ठाकुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का निवासी था और वर्तमान में सतना में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय वह तेज बहाव और गहराई में चला गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही बृजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि घटना स्थल बरौंदा थाना क्षेत्र में आने के कारण संबंधित थाना पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। साथ ही SDRF और गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
बृहस्पति कुंड प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, लेकिन यहां कुछ क्षेत्रों को सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित घोषित किया गया है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।