1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. अमेरिका में जारी मतदान के बीच बिडेन को बढ़त, ताजा सर्वेक्षणों में ट्रंप से 6.7 फीसद मतों से चल रहे आगे

अमेरिका में जारी मतदान के बीच बिडेन को बढ़त, ताजा सर्वेक्षणों में ट्रंप से 6.7 फीसद मतों से चल रहे आगे

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अमेरिका में जारी मतदान के बीच बिडेन को बढ़त, ताजा सर्वेक्षणों में ट्रंप से 6.7 फीसद मतों से चल रहे आगे

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए औपचारिक रूप से मतदान की शुरुआत हो गई है। रिपब्लिक प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप (मौजूदा राष्ट्रपति) और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन के बीच कड़ा मुकाबला है। आधी रात के तुरंत बाद अमेरिका-कनाडा सीमा पर स्थित न्यू हैंपशायर के डिक्सविले नॉच में डाले गए सभी पांच वोट बिडेन के खाते में गए हैं। इस बीच राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में मौजूदा राष्‍ट्रपति ट्रंप के लिए निराशाजनक खबरें आ रही हैं।

रियल क्लियर पॉलिटिक्स (Real Clear Politics) के ताजा सर्वेक्षणों के मुताबिक जो बिडेन राष्ट्रपति ट्रंप से 6.7 फीसद वोटों से आगे चल रहे हैं। बड़ी संख्या में मतदाता मतदान करने के लिए निकल रहे हैं। न्यू हैंपशायर के मिल्सफील्ड सहित वर्मोट प्रांत में भी वोटिंग प्रक्रिया जारी है। मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें हैं। अर्ली वोटिंग और डाक से मत डालने की सुविधा के तहत अब तक 10 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

मंगलवार को होने वाले मतदान में 13.9 करोड़ अमेरिकी नागरिक वोट डालने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस साल करीब 23.9 करोड़ अमेरिकी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

डाक मतपत्रों की गिनती में कुछ राज्यों में कुछ दिन या हफ्ते लग सकते हैं। इससे लग रहा है कि मतदान होने के कुछ ही घंटे बाद विजेता की घोषणा होने की संभावना नहीं है। अमेरिका में करीब 40 लाख भारतीय मूल के लोग हैं जिनमें से 25 लाख मतदान के अधिकारी हैं। 13 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकी टेक्सास, मिशिगन, फ्लोरिडा और पेनसिल्वेनिया जैसे अहम राज्यों के मतदाता हैं। मतदान का समय अलग-अलग राज्यों के लिए भिन्न है।

परंपरा के अनुसार डिक्सविले नॉच में आधी रात के तुरंत बाद मतदान होता है। यहां पर पड़े वोट ही अमेरिका में रूझानों का संकेत देते हैं। सीएनएन के मुताबिक वर्ष 2016 में डिक्सविले नॉच से डेमोक्रेटिक प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन को जीत मिली थी। हालांकि इलेक्टोरल कॉलेज में बहुमत के चलते डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बनने में कामयाब रहे थे।

परंपरा के अनुसार सभी पात्र मतदाता आधी रात के तुरंत बाद खुलने वाले मतदान केंद्र में एकत्र होते हैं और अपना वोट डालते हैं। वर्मोट प्रांत का रूझान भी डेमोक्रेटिक प्रत्याशी के पक्ष में रहता है। वर्ष 2016 के चुनाव में यहां से हिलेरी क्लिंटन को 56.68 फीसद वोट मिले थे।

इन आंकड़ों पर भी एक नजर 

– 23.9 करोड़ कुल मतदाताओं की संख्या

– 10 करोड़ अब डाले जा चुके हैं वोट

– 40 लाख हैं भारतीय-अमेरिकियों जनसंख्या

– 25 लाख हैं भारतीय-अमेरिकी मतदाता इस बार महत्‍वपूर्ण माने जा रहे हैं 

– 13 लाख भारतीय मतदाता हैं कांटे के मुकाबले वाले प्रांतों में

– कांटे के मुकाबले वाले प्रांत- पेंसिलवेनिया, टेक्सॉस, मिशिगन और फ्लोरिडा

अमेरिका में इस वर्ष सबसे ज्यादा बंदूकों की बिक्री हुई है। स्माल आ‌र्म्स एनालॉटिक्स एंड फोर कास्टिंग (एसएएएफ) के मुताबिक अक्टूबर में 19 लाख हथियार अमेरिकियों ने खरीदे। जो पिछले साल इसी अविध के मुकाबले 65 फीसद ज्यादा हैं। नेशनल शूटिंग स्पो‌र्ट्स फाउंडेशन के मुताबिक वर्ष 2020 में अब तक हथियारों की बिक्री के लिए 1.72 करोड़ लोगों के परिपत्रों की जांच की गई है। वर्ष 2016 में यह आंकड़ा 1.57 करोड़ था जबकि वर्ष 2019 में 1.32 करोड़ था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...