1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अवैध बोरिंग पर भैरुंदा पुलिस की कार्रवाईः मशीन जब्त, एक आरोपी पर केस दर्ज

अवैध बोरिंग पर भैरुंदा पुलिस की कार्रवाईः मशीन जब्त, एक आरोपी पर केस दर्ज

पुलिस द्वारा बोरिंग कार्य के संबंध में वैध अनुमति एवं दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह पाया गया कि उक्त कार्य कलेक्टर सीहोर के आदेशों के विरुद्ध किया जा रहा था, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है।

By: Naredra 
Updated:
अवैध बोरिंग पर भैरुंदा पुलिस की कार्रवाईः मशीन जब्त, एक आरोपी पर केस दर्ज

सीहोर जिले के भैरुंदा थाना क्षेत्र में प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन कर अवैध रूप से बोरिंग कर रहे एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त कर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक शदीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में रात्रि गश्त को सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अप्रैल की रात भैरुंदा पुलिस गश्त पर थी, तभी दुर्गा चौक स्थित डूडी कॉम्पलेक्स के अंदर एक बोरिंग मशीन संचालित होती दिखाई दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरिंग कर रहे व्यक्ति से पूछताछ की, जिसने अपना नाम श्रवण पंवार (26 वर्ष), निवासी बजरंग कुटी गेट के पास, भैरुंदा बताया।

पुलिस द्वारा बोरिंग कार्य के संबंध में वैध अनुमति एवं दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह पाया गया कि उक्त कार्य कलेक्टर सीहोर के आदेशों के विरुद्ध किया जा रहा था, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है।

पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन को जब्त किया, जो एक वाहन पर लोडेड थी। साथ ही उपकरण ढोने में उपयोग किए जा रहे दूसरे वाहन को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस ने आरोपी श्रवण पंवार के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र बघेल, उपनिरीक्षक लोकेश सोलंकी, आरक्षक विपिन जाट, आरक्षक सतेंद्र दोहरे एवं सैनिक मद्दूलाल शामिल रहे।

सीहोर से संवाददाता कन्हैया नाथ की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...