1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. भोपाल में ‘आरंभ’ समारोह: CM मोहन यादव ने नए प्रशिक्षुओं को दिया AI और स्किल का मंत्र

भोपाल में ‘आरंभ’ समारोह: CM मोहन यादव ने नए प्रशिक्षुओं को दिया AI और स्किल का मंत्र

भोपाल के संत रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं के लिए ‘आरंभ’ समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मल्टीपरपज हॉल का लोकार्पण किया और युवाओं से AI, नई तकनीक और नवाचार में दक्षता हासिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में तीन कंपनियों के साथ MoU भी हुआ।

By: Nivedita 
Updated:
भोपाल में ‘आरंभ’ समारोह: CM मोहन यादव ने नए प्रशिक्षुओं को दिया AI और स्किल का मंत्र

भोपाल। संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं के लिए ‘आरंभ’ उन्मुखीकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल का लोकार्पण किया। इस दौरान संस्थान और तीन कंपनियों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ।

संत रविदास के विचारों से सीख लेने की अपील

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनके सामाजिक और आध्यात्मिक विचारों को याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन समाज सुधार, समानता और कौशल के साथ आत्मनिर्भर जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

युवाओं के लिए AI दक्षता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में केवल पारंपरिक कौशल हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को नई तकनीक, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी क्षमताएं भी विकसित करनी होंगी। उन्होंने युवाओं से तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक सोच को मजबूत करने का आह्वान किया, ताकि वे तेजी से बदलती रोजगार की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।

ग्लोबल स्किल्स पार्क से अब तक 2 हजार युवाओं ने लिया प्रशिक्षण

डॉ. यादव ने बताया कि संत रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क से अब तक लगभग 2 हजार विद्यार्थी प्रशिक्षण हासिल कर चुके हैं। आने वाले समय में यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या 10 हजार से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।सरकार की ओर से प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर दिलाने के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ भी लगातार संवाद किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के साथ रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना भी है। कौशल विकास को रोजगार से जोड़कर युवाओं को प्रदेश और देश की आर्थिक प्रगति में भागीदार बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

कंपनियों के साथ MoU से बढ़ेंगे अवसर

‘आरंभ’ समारोह के दौरान संस्थान और तीन कंपनियों के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ। इससे प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के जरिए नए प्रशिक्षुओं को तकनीकी बदलावों के साथ आगे बढ़ने, नए कौशल सीखने और रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुसार खुद को तैयार करने का संदेश दिया गया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...